Skip to main content

राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित

Prachar Prasar
राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित पुस्तकालयों की बदलती भूमिका, ज्ञान के लोकतंत्रीकरण और सामाजिक जुड़ाव पर हुआ मंथन राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह-2026 के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में बुधवार को एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। “पुस्तकालयों की पुनर्कल्पना: लोगों, ज्ञान और समाज को जोड़ना” (Reimagining Libraries: Connecting People, Knowledge and Society) विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में आधुनिक दौर में पुस्तकालयों की बदलती भूमिका, ज्ञान के व्यापक प्रसार तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक सूचना एवं शैक्षणिक संसाधनों की पहुंच सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के अंतर्गत इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स (IICA) के नॉलेज रिसोर्स सेंटर की प्रमुख डॉ. लता सुरेश उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने व्याख्यान में कहा कि वर्तमान समय में पुस्तकालयों की भूमिका पारंपरिक पुस्तक संग्रह और पठन-पाठन की व्यवस्था से कहीं अधिक व्यापक हो गई है। आधुनिक पुस्तकालय अब ज्ञान, सूचना और अवसरों तक पहुंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों एवं समाज को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। उन्होंने सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के बढ़ते उपयोग, डिजिटल संसाधनों तथा पुस्तकालय सेवाओं के विस्तार के माध्यम से ज्ञान के प्रसार को अधिक सुलभ और समावेशी बनाने की संभावनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के महत्व को रेखांकित करते हुए पुस्तकालयों को शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों में अध्ययन, पठन-पाठन और ज्ञान अर्जन की संस्कृति विकसित करने तथा पुस्तकालयों की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. पी.डी. पंत, प्रो. गगन सिंह एवं प्रो. आशुतोष कुमार भट्ट सहित स्कूल ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस के सहायक प्राध्यापक डॉ. राकेश पंत, श्री मनोज पाण्डे, डॉ. ईशा आर्या, सुश्री रिया चौहान, सुश्री प्रीति शर्मा एवं डॉ. मीतू गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षकगण तथा पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के विद्यार्थी भी संगोष्ठी में शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रश्नोत्तरी एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक, बौद्धिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अवसर पर आयोजित इस संगोष्ठी का उद्देश्य पुस्तकालयों की समकालीन प्रासंगिकता, ज्ञान के लोकतंत्रीकरण तथा समाज के साथ उनके बढ़ते जुड़ाव के प्रति जागरूकता विकसित करना था। संगोष्ठी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पुस्तकालयों के बदलते स्वरूप, डिजिटल युग में उनकी उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं पर सार्थक संवाद एवं विचार-विमर्श का अवसर प्रदान किया।